
लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में प्रदेश स्तरीय आयोजन, लोकगायिका जोशी बहनें देंगी प्रस्तुति, छत्तीसगढ़ महतारी की महाआरती से होगा शुभारंभ
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, मातृभाषा और पारंपरिक लोककलाओं को नई पीढ़ी से जोड़ने के उद्देश्य से 14 और 15 नवंबर को प्रदेश स्तरीय सुवा नाच महोत्सव एवं प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में होने वाले इस दो दिवसीय आयोजन में सूरजपुर, गरियाबंद, रायपुर, चांपा, कोरबा और बिलासपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमें अपनी प्रस्तुतियां देंगी। शनिवार शाम 6 बजे छत्तीसगढ़ महतारी की महाआरती के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। इसके बाद शाम 7 से रात 10 बजे तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
मोर चिन्हारी छत्तीसगढ़ी की लता राठौर ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़िया सर्व समाज, गैर राजनीतिक संगठनों और लोककला मंच सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। महोत्सव में शामिल होने के लिए उप मुख्यमंत्री अरुण साव को भी आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, सक्ती की पूर्व विधायक सरोजा मनहरण राठौर, मोर चिन्हारी छत्तीसगढ़ी के संयोजक वैभव पांडे बेमेतरिहा, प्रदेश पत्रकार महासंघ के अध्यक्ष गजेंद्र रथ वर्मा, प्रसिद्ध लोकगायिका जोशी बहनें, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अजय यादव और क्रांति सेना के संयोजक दिलीप मिरी सहित कई अतिथि शामिल होंगे।
सुवा नाच को सम्मानजनक सांस्कृतिक पहचान देने की पहल
आयोजकों के अनुसार छत्तीसगढ़ी भाषा के साथ यहां की लोकसंस्कृति और परंपराएं भी धीरे-धीरे नई पीढ़ी से दूर होती जा रही हैं। पहले गांवों में बालिकाएं और महिलाएं सुवा गीत गाकर पारंपरिक तरीके से सुवा नाच प्रस्तुत करती थीं। लेकिन शहरी क्षेत्रों में इस लोककला को भिक्षा मांगने की कुप्रथा से जोड़कर देखा जाने लगा। इसी धारणा को बदलने और सुवा नाच को सम्मानजनक सांस्कृतिक पहचान दिलाने के उद्देश्य से मोर चिन्हारी छत्तीसगढ़ी की महिलाओं ने इसे प्रतियोगिता तक सीमित न रखकर महोत्सव के रूप में आयोजित करने की पहल की। एक साल पहले शुरू हुए इस आयोजन को पहले ही प्रयास में अच्छी लोकप्रियता मिली थी।
स्वरचित गीत और पारंपरिक वेशभूषा पर भी पुरस्कार
प्रतियोगिता में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की महिलाओं के लिए अलग-अलग श्रेणियां बनाई गई हैं। बालिकाओं के लिए भी दो अलग वर्ग होंगे। प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय, तृतीय और दो सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे। विजेताओं को नकद राशि के साथ मोमेंटो और सम्मान पाती प्रदान की जाएगी। इसके अलावा पारंपरिक वेशभूषा, पारंपरिक गहनों और स्वरचित सुवा गीत के लिए विशेष पुरस्कार रखे गए हैं। इससे प्रतिभागियों को केवल नृत्य ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की पारंपरिक पहचान और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर भी मिलेगा।
छत्तीसगढ़ी खानपान के लगेंगे 10 स्टॉल
लोकसंस्कृति के साथ पारंपरिक खानपान को भी प्रोत्साहित करने के लिए आयोजन स्थल पर 10 स्टॉल लगाए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि सुवा, करमा, ददरिया, पंथी, जोत-जंवारा, डंडा नाच, भोजली, गौरा-गौरी और राऊत नाचा जैसी लोकपरंपराएं किसी एक समाज या समुदाय तक सीमित नहीं हैं। इन्हें सभी समाजों की भागीदारी से ही संरक्षित और आगे बढ़ाया जा सकता है।
आयोजन में धीरेंद्र साहू, प्रसिद्ध रंगोली कलाकार प्रमोद साहू, एमए डिग्री कोर्स के छात्रों के नेतृत्वकर्ता जीतेंद्र साहू, छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर के रचयिता संजीव साहू, ईश्वर बंधी साहू, डॉ. मीरा बघेल, तृप्ति सोनी, डॉ. चांदनी चंद्राकर, ऊषा श्रीवास, लक्ष्मी नाग, रिचा वर्मा और प्रिया सेन सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अतिथि शामिल होंगे।