लेडी डॉन बनने की ख्वाहिश में एक लड़की की पिटाई करने वाली युवतियों की पहचान हो गई है। हालांकि कानून के नजर में यहां भी भेदभाव हुआ। जिस अपराध के लिए लड़कों को जेल भेजा जाता है , वही अपराध करने पर लड़कियों को केवल माफी मंगवा कर छोड़ दिया गया।


 बिलासपुर में लड़कियों के दो गुट के बीच मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में तीन लड़कियां एक लड़की को पटक पटक कर मारती नजर आ रही थी। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश थी। शुक्रवार किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया । मारपीट की घटना कुदुदंड पुल के पास हुई थी। मारपीट करने वाली एक लड़की तान्या अली ने बाकायदा अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो के साथ स्टेटस लगाया कि कैसा लगा ?


 वायरल वीडियो में नीले कपड़ों में नजर आ रहे युवती की पहचान तान्या अली के रूप में हुई। पहले भी सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में उसके मारपीट का वीडियो वायरल हो चुका है । गणेश विसर्जन के दौरान हुई मारपीट के इस मामले में पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट लिखाने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मारपीट करने वाली तीनों ही लड़कियों को थाने बुलाया।


 इस घटना को अंजाम देने वाली उपासना पारचे, तैयबा परवीन और पूर्वा कौशल के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। युवतियों को थाने बुलाकर समझाया गया। उन्हें कान पड़कर उठक बैठक कराई और दोबारा ऐसी गलती न करने की हिदायत दी। बताया जा रहा है कि लड़कियों ने कान पड़कर सॉरी कहा है। लेकिन यह तीनों ही लड़कियां आदतन बदमाश है और सोशल मीडिया पर शोहरत हासिल करने के लिए भविष्य में भी यह इस तरह की हरकत कर सकती है।