
बिलासपुर, 30 अगस्त 2026। कुशवाहा कल्याण विकास समिति, बिलासपुर छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में रविवार को कुशवाहा सभा भवन, लिंगियाडीह में भगवान श्री लव-कुश जन्मोत्सव के अवसर पर संस्कृति मंच एवं बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य का भूमि पूजन समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बेलतरा विधायक माननीय श्री सुशांत शुक्ला रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में नगर पालिक निगम बिलासपुर की महापौर श्रीमती पूजा विधानी, वार्ड पार्षद श्री प्रीतेश सोनी, भाजपा पूर्वी मंडल बेलतरा अध्यक्ष श्री पवन हरीओम कश्यप एवं एल्डरमैन श्री भागीरथी साहू उपस्थित रहे।
समाज की एकजुटता ही विकास की सबसे बड़ी ताकत
मुख्य अतिथि श्री सुशांत शुक्ला ने अपने संबोधन में भगवान श्री लव-कुश के आदर्शों को स्मरण करते हुए समाज के सभी वर्गों से एकजुट होकर सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकता, संगठन और सकारात्मक सोच से विकास के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं।
महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने संस्कृति मंच एवं बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य को समाज के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए नगर निगम स्तर पर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
लव-कुश के आदर्शों से समाज को मिलती है प्रेरणा
समिति के सचिव श्री नवल वर्मा ने अपने उद्बोधन में भगवान श्री लव-कुश के जीवन, उनके शौर्य, संस्कार, साहस एवं धर्मनिष्ठा का उल्लेख करते हुए कहा कि लव-कुश केवल हमारे आराध्य ही नहीं, बल्कि त्याग, मर्यादा, आत्मसम्मान और कर्तव्यनिष्ठा के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्री लव-कुश ने अपने आचरण एवं शौर्य से यह संदेश दिया कि संस्कारों से व्यक्तित्व का निर्माण होता है और एकजुटता से समाज मजबूत होता है।
श्री वर्मा ने कुशवाहा समाज के गौरवशाली इतिहास एवं पूर्वजों के संघर्ष और योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि हमें अपनी संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत को केवल स्मरण ही नहीं करना चाहिए, बल्कि उसे अपने आचरण और जीवन में आत्मसात करना चाहिए। नई पीढ़ी को भगवान श्री लव-कुश के आदर्शों, साहस, संस्कार तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की भावना से परिचित कराना आज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
यह मंच समाज की सांस्कृतिक गतिविधियों, सामाजिक आयोजनों एवं नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
संस्कृति और सामाजिक एकता का बनेगा केंद्र
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि संस्कृति मंच का निर्माण समाज की सांस्कृतिक गतिविधियों, सामाजिक कार्यक्रमों एवं नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के उद्देश्य से किया जा रहा है। वहीं बाउंड्री वॉल निर्माण से सभा भवन परिसर को व्यवस्थित एवं सुरक्षित स्वरूप मिलेगा। यह कार्य समाज की एकजुटता, सहयोग और सामूहिक संकल्प का प्रतीक है।
कार्यक्रम में कुशवाहा कल्याण विकास समिति के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश कश्यप, सचिव श्री नवल वर्मा, कोषाध्यक्ष श्री रविंद्र कुशवाहा, समिति प्रभारी श्री रमेश कश्यप, संरक्षक श्री रामकुमार कश्यप, संरक्षक श्री मोहनलाल कश्यप, संस्थापक श्री हरिशंकर कुशवाहा, सह-कोषाध्यक्ष श्री राकेश मौर्य, संरक्षक श्री कमल कश्यप, उपाध्यक्ष श्रीमती चंद्रिका कश्यप, उपाध्यक्ष श्री अजय कश्यप, श्री सुरेंद्र कश्यप, श्री रविंद्र कश्यप एवं श्री रवि कश्यप सहित महिला प्रकोष्ठ से श्रीमती मालती कश्यप, श्रीमती आशा मौर्य, श्रीमती जूली कश्यप, श्रीमती गायत्री कश्यप एवं श्रीमती रीता कश्यप (पार्षद) उपस्थित रहीं।
इसके साथ ही बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं एवं बालिकाएं कार्यक्रम में शामिल हुईं और भूमि पूजन के इस महत्वपूर्ण अवसर की साक्षी बनीं।
कार्यक्रम के अंत में समिति प्रभारी श्री रमेश कश्यप ने सभी अतिथियों, समिति पदाधिकारियों एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया।
यह जानकारी कुशवाहा कल्याण विकास समिति के सचिव श्री नवल वर्मा ने साझा की।