
सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार तलवार की जब्त
बिलासपुर। शहर के कतियापारा स्थित उदई चौक के पास धारदार तलवार लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार तलवार जब्त की है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर शहर में गुंडा-बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखते हुए लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। इसी दौरान 24 अक्टूबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कतियापारा उदई चौक के पास एक युवक तलवार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश दी और युवक को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान मिथलेश सिंह ठाकुर उर्फ डोमचुल (26 वर्ष), निवासी कतियापारा उदई चौक, बिलासपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार तलवार जब्त की। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।