बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के बाकीघाट स्थित गोयल क्रेशर उद्योग में चोरी के मामले में फरार चल रहे 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है। क्रेशर मिल से करीब 50 हजार रुपये के उपकरण और अन्य सामान चोरी हुए थे।

पुलिस के अनुसार, रतनपुर निवासी राजकुमार गोयल ने 11 अगस्त को कोटा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 अगस्त की रात अज्ञात चोर बाकीघाट स्थित गोयल क्रेशर उद्योग में घुसे और जैपलेट, रोलर, क्रेशर का शाफ्ट, जाली का शाफ्ट, जाली, टाइगर प्लेट, जाली कवरिंग, साइड प्लेट समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

प्रकरण में पहले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि 2 आरोपी फरार थे। पुलिस को 9 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए संजू शिकारी (20) और झोल्टू उर्फ राहुल शिकारी (23), दोनों निवासी सोनवानी तालाब के पास, कोटा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिलीप साहू, सहायक उप निरीक्षक शिव कुमार साहू, आरक्षक संजय श्याम और आरक्षक धर्मेंद्र साहू का योगदान रहा।