बिलासपुर में साइबर ठगी का शिकार हुए व्यक्ति ने पुलिस से की FIR दर्ज करने की मांग, कुल ₹2.77 लाख की धोखाधड़ी

बिलासपुर। शहर में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां अज्ञात साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति के ICICI बैंक क्रेडिट कार्ड से बिना अनुमति ₹1,39,014 की ऑनलाइन खरीदारी कर ली। इसके अलावा उसी दिन उसके बचत बैंक खाते से भी ₹1,38,000 निकाल लिए गए। पीड़ित ने मामले में पुलिस से FIR दर्ज कर जांच करने और ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की है।

राजकिशोर नगर निवासी भक्तिमय चौधरी के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके क्रेडिट कार्ड का दुरुपयोग करते हुए Flipkart के माध्यम से तीन ऑनलाइन लेनदेन किए। इनमें ₹40,918, ₹65,673 और ₹32,423 की राशि शामिल है। इस तरह क्रेडिट कार्ड से कुल ₹1,39,014 की अनधिकृत खरीदारी की गई। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने न तो इन लेनदेन की अनुमति दी थी और न ही संबंधित खरीदारी की थी।

इसी दिन उनके ICICI बैंक के बचत खाते से भी धोखाधड़ी कर दो लेनदेन के जरिए ₹65,000 और ₹73,000 निकाल लिए गए। इस तरह क्रेडिट कार्ड और बचत खाते से कुल ₹2,77,014 की रकम की ठगी हुई। पीड़ित के मुताबिक, इन लेनदेन की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तत्काल बैंक से संपर्क किया और अपने खाते व क्रेडिट कार्ड की सुरक्षा के लिए इंटरनेट बैंकिंग सुविधा तथा क्रेडिट कार्ड को ब्लॉक करा दिया।

पीड़ित ने 12 अक्टूबर को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 13 अक्टूबर को ICICI बैंक की होम ब्रांच में व्यक्तिगत रूप से पहुंचकर लिखित शिकायत भी दी। क्रेडिट कार्ड से हुए अनधिकृत लेनदेन के संबंध में उन्होंने 14 अक्टूबर को बैंक में शिकायत दर्ज कराई, जिसका संदर्भ क्रमांक SR1129596093 है।

पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में Flipkart से संबंधित तीनों लेनदेन की जानकारी जुटाने, डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और ठगी की रकम रोकने अथवा वापस दिलाने की मांग की है। उन्होंने संबंधित बैंकिंग रिकॉर्ड, IP लॉग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। साथ ही मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू करने की मांग की है।