कोटा। कोटा थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, मोबाइल, बिजली तार और नकदी समेत सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को ग्राम खैरझिटी निवासी एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह किराना दुकान में खाना खाने के बाद दुकान के ऊपर बने कमरे में सो गया था। सुबह उठने पर दुकान के गल्ले में रखे 13 हजार रुपये नकद तथा करीब 14 हजार रुपये के सिगरेट, राजश्री और खाई-खजाना गायब मिले। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

इसी तरह ग्राम भौवाकापा में बोर से 20 मीटर बिजली तार चोरी होने की शिकायत मिली। इसके अलावा ग्राम खरगहना के गणेश पंडाल में भजन-कीर्तन के बाद सोए व्यक्ति की जेब से Redmi मोबाइल चोरी होने की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।

पुलिस ने 27 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में विनय खुसरो, सुनील यादव और विधि से संघर्षरत बालक ने मोबाइल और बिजली तार चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने करीब 15 दिन पहले किराना दुकान से 13 हजार रुपये नकद तथा सिगरेट, राजश्री और खाई-खजाना चोरी करने की बात भी कबूल की।

आरोपियों से पूछताछ में पुलिस क्वार्टर तिफरा से करीब 2 माह पूर्व Hero HF Deluxe मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी सामने आई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 मीटर बिजली तार, 1 मोटरसाइकिल, 1 Redmi मोबाइल और 700 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस ने विनय खुसरो, निवासी काठाकोनी थाना सकरी और सुनील यादव, निवासी बंधवापारा थाना सरकंडा को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को परिजनों के समक्ष बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक शिव कुमार साहू, आरक्षक दीप सिंह कंवर, जलेश्वर साहू, सुनील पटेल सहित थाना कोटा स्टाफ की विशेष भूमिका रही।