बिलासपुर/कोटा। पर्यटन स्थल कोरी डैम में घूमने पहुंचे लोगों से मारपीट कर बैग और मोबाइल लूटने के मामले में कोटा पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया Poco मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त Honda Activa जब्त की है।

पुलिस के अनुसार 23 सितंबर को प्रार्थिया अपने साथियों के साथ कोटा आई थी। बैंक संबंधी काम पूरा करने के बाद वे कोरी डैम घूमने गए थे। इसी दौरान 3 युवक वहां पहुंचे और प्रार्थिया के साथी के साथ मारपीट करते हुए बैग लूटकर फरार हो गए। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर 1 अक्टूबर को कोटा थाने में अपराध क्रमांक 841/2026 धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की। पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक नाका चौक कोटा के पास स्कूटी से घूमते हुए मोबाइल बेचने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर संदिग्धों को थाना लाकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने 23 सितंबर को कोरी डैम में प्रार्थिया और उसके साथियों से बैग व मोबाइल लूटना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी गुरजीत सिंह उर्फ बंटी (29), निवासी कुंवारीमुड़ा, थाना कोटा और रामजी यादव (38), निवासी घासीपुर, थाना रतनपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक को आवश्यक कार्रवाई के बाद बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 Poco मोबाइल तथा वारदात में प्रयुक्त Honda Activa क्रमांक CG 10 CC 7858 जब्त की है।

यह कार्रवाई DIG एवं SSP रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और SDOP कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, ACCU प्रभारी गोपाल सतपति, उप निरीक्षक कमल नारायण शर्मा सहित थाना कोटा और ACCU के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।