
शराब भट्ठी के पास मचा रहा था दहशत, रतनपुर पुलिस ने धारदार चाकू किया जब्त
बिलासपुर। रतनपुर के कलमीटार रोड पर धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी शराब भट्ठी के पास हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वालों को धमका रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ा और उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर को थाना रतनपुर में सूचना मिली थी कि कलमीटार रोड स्थित शराब भट्ठी के पास एक युवक चाकू लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चाकू लहराते हुए लोगों को धमका रहे आकाश यादव उर्फ बुगलू (19 वर्ष), निवासी ग्राम जलसो, थाना कोनी को पकड़ लिया। उसके कब्जे से धारदार चाकू जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक कौशल राम खुटे, आरक्षक आकाश डोंगरे और देवानंद चंद्राकर की भूमिका रही।