रोजाना लगने वाले जाम से राहत दिलाने यातायात पुलिस की नई व्यवस्था, पहले दिन सड़क पर खड़ी 9 गाड़ियों पर कार्रवाई
बिलासपुर। कलेक्ट्रेट परिसर और रजिस्ट्री कार्यालय की ओर जाने वाली संकरी सड़क पर रोजाना लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने नई व्यवस्था लागू की है। अब इस सड़क को वन-वे कर दिया गया है। वाहन चालक नेहरू चौक की तरफ से ही प्रवेश कर सकेंगे, जबकि रजिस्ट्री कार्यालय की ओर से बाहर निकलने की अनुमति होगी। विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों पर रोक लगा दी गई है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।
इस मार्ग पर कलेक्ट्रेट, रजिस्ट्री कार्यालय सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी दफ्तर हैं। इसके चलते सुबह से शाम तक यहां लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। सड़क संकरी होने के बावजूद दोनों ओर बेतरतीब पार्किंग के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती थी। पास में करोड़ों रुपये की लागत से बनी मल्टीलेवल पार्किंग उपलब्ध है, लेकिन इसके बावजूद कई लोग वहां वाहन खड़े करने के बजाय मुख्य मार्ग और संकरी सड़क के किनारे पार्किंग कर देते थे।
बार-बार समझाइश के बाद भी स्थिति नहीं सुधरने पर यातायात पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। नई व्यवस्था लागू होने के पहले दिन सड़क पर खड़ी 9 गाड़ियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों से वन-वे व्यवस्था का पालन करने और सड़क पर वाहन खड़े करने के बजाय मल्टीलेवल पार्किंग का इस्तेमाल करने की अपील की है।
एएसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने बताया कि संकरी सड़क पर जाम की मुख्य वजह सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग थी। इसी को देखते हुए नेहरू चौक से प्रवेश और रजिस्ट्री कार्यालय की ओर से निकास का रास्ता तय किया गया है। नागरिक व्यवस्था बनाने में सहयोग करें और अपने वाहन मल्टीलेवल पार्किंग में ही खड़े करें, ताकि आवागमन सुगम बना रहे।