विसर्जन झांकी देखने गए थे घर के सभी सदस्य, सुबह लौटे तो खुला मिला दरवाजा

बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र के एफसीआई चौक के पास नाई मोहल्ले में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर अलमारी के लॉकर में रखे 80 हजार रुपये नगद पार कर दिए। घटना के समय मकान में रहने वाले सभी लोग विसर्जन झांकी देखने गए हुए थे। सुबह लौटने पर चोरी का पता चला। पीड़िता की रिपोर्ट पर तारबाहर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, एफसीआई गोदाम नाई मोहल्ला निवासी पूजा सोनी किन्नर अपनी साथी गुलाबो और अनंता के साथ किराए के मकान में रहती हैं। 22 अक्टूबर की रात करीब 12:30 बजे तीनों घर के दरवाजे को बाहर से बंद कर गोलबाजार में विसर्जन झांकी देखने चली गईं। अगले दिन सुबह करीब 9 बजे जब वे वापस लौटीं, तो घर का दरवाजा खुला मिला।

अंदर जाकर देखने पर कमरे में रखी अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था और उसमें रखे 80 हजार रुपये गायब थे। आसपास और अपने स्तर पर पतासाजी करने के बाद भी चोरों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद शनिवार को तारबाहर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।