मरम्मत पूरी होने के बाद ही दिल्ली ले जाया जाएगा एटीआर, चार विमान उपलब्ध नहीं होने से नई उड़ानों पर भी असर

बिलासपुर। बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पर 28 अगस्त को लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ एलायंस एयर का एटीआर विमान करीब एक महीने से अधिक समय से खड़ा है। विमान की मरम्मत के लिए अब नवंबर में दिल्ली से करीब 15 इंजीनियरों की टीम बिलासपुर आएगी। अंतिम तकनीकी निरीक्षण और जरूरी मरम्मत पूरी होने के बाद ही विमान को एयरपोर्ट से दिल्ली ले जाया जाएगा।

विमान के लंबे समय से खड़े रहने के साथ एलायंस एयर के तीन अन्य विमान भी मरम्मत के लिए भेजे गए हैं। ऐसे में कंपनी के पास फिलहाल अतिरिक्त विमान उपलब्ध नहीं हैं। यही वजह है कि हैदराबाद के लिए स्लॉट मिलने के बावजूद नई उड़ान शुरू नहीं हो पा रही है। कंपनी के सामने विमान उपलब्ध कराने की चुनौती बनी हुई है।

28 अगस्त को दिल्ली से बिलासपुर पहुंची एलायंस एयर की फ्लाइट लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। विमान का एक पहिया पूरी तरह फट गया था, जबकि दो अन्य पहियों को भी नुकसान पहुंचा था। हादसे के बाद विमान को एयरपोर्ट पर ही खड़ा कर दिया गया। कंपनी की इंजीनियरिंग टीम ने पहियों को बदलने के साथ विमान के अन्य हिस्सों की भी तकनीकी जांच की। जांच में लैंडिंग गियर को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।

हादसे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं

दुर्घटना के बाद डीजीसीए के अधिकारी बिलासपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे और उन्होंने विमान तथा रनवे का निरीक्षण कर जांच की थी। हालांकि हादसा किस तकनीकी या अन्य कारण से हुआ, इसकी आधिकारिक रिपोर्ट अब तक एयरपोर्ट प्रबंधन को नहीं मिली है। हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों और रनवे पर बने निशानों से पता चला था कि इमरजेंसी ब्रेक लगाए जाने के बाद विमान करीब 100 मीटर तक रनवे पर घिसटता चला गया था।

एयरपोर्ट डायरेक्टर बीरेन सिंह ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। डीजीसीए की ओर से अब तक आधिकारिक जांच रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।