बिलासपुर। खाना देने से मना करने पर पत्नी से हुए विवाद के बाद एक युवक ने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम घुटकू के बरेठपारा की है।

पुलिस के अनुसार बरेठपारा निवासी जयप्रकाश पिता स्व. रामआश्रय (34) किसान था। रविवार दोपहर वह घर पहुंचा और पत्नी से खाना मांगा। पत्नी के खाना देने से मना करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद जयप्रकाश अपने कमरे में चला गया और दरवाजा भीतर से बंद कर लिया।

काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर पत्नी को चिंता हुई। उसने दरवाजा खटखटाकर आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे। संदेह होने पर उन्होंने दरवाजा तोड़ा तो जयप्रकाश पंखे पर रस्सी के सहारे फंदे पर लटका मिला।

परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को नीचे उतरवाया। देर शाम होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शव को सिम्स की मर्च्युरी में रखवा दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।