
बिलासपुर। केबीटी किटी ग्रुप द्वारा तुलसी मिलेट में भव्य सावन उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। अभिषेक विहार, अभिषेक नगर, केबीटी एवं दीनदयाल कॉलोनी की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती स्मृति जैन रहीं। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी मेल-जोल और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम की प्रमुख आयोजिकाओं श्रीमती अमिता दुबे, इंदु तिवारी, सपना सिंह, नीरू जैन एवं सुनीता गुप्ता के विशेष योगदान से सावन उत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
आयोजन के दौरान ‘सावन सुंदरी’ प्रतियोगिता में श्रीमती मोनिका बंजारे एवं श्रीमती ज्योति यादव को विजेता चुना गया। वहीं विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में श्रीमती जया राव ने प्रथम, श्रीमती अमिता दुबे ने द्वितीय तथा श्रीमती नियंता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर केबीटी किटी ग्रुप की ओर से मुख्य अतिथि श्रीमती स्मृति जैन का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही आयोजन में उत्साहपूर्वक शामिल होने वाली सभी महिलाओं का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। सावन उत्सव ने महिलाओं के बीच आपसी सौहार्द, उत्साह और मनोरंजन का सुखद वातावरण निर्मित किया।