बिलासपुर। देवरीखुर्द क्षेत्र की एक एफएमसीजी कारोबारी महिला के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 7 बार में 1 लाख 90 हजार 6 रुपए पार कर दिए। रकम यूपीआई के जरिए अलग-अलग ट्रांजेक्शन में दूसरे खाते में ट्रांसफर की गई। खाते से लगातार रकम कटने के मैसेज आने के बाद परिवार को ठगी का पता चला। पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है।
तोरवा-देवरीखुर्द के विजय नगर निवासी उमा सिंह का बैंक ऑफ बड़ौदा की राजकिशोर नगर शाखा में व्यवसायिक खाता है। इसी खाते से एफएमसीजी कारोबार का वित्तीय लेन-देन होता है। खाते के संचालन के लिए उन्होंने अपने बड़े बेटे दिलीप सिंह को पावर ऑफ अटॉर्नी दे रखी है। खाते से जुड़ा मोबाइल नंबर भी दिलीप के पास है।
27 सितंबर की शाम करीब 4:15 बजे दिलीप के मोबाइल पर खाते से रकम कटने के लगातार मैसेज आने लगे। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात व्यक्ति ने 7 बार में कुल 1 लाख 90 हजार 6 रुपए यूपीआई के जरिए ट्रांसफर कर दिए हैं। इसके बाद दिलीप बैंक शाखा पहुंचे और खाता ब्लॉक कराया। बैंक से पुष्टि हुई कि रकम यूपीआई के जरिए अज्ञात खाते में ट्रांसफर हुई है। मामले में साइबर पुलिस जांच कर रही है।