तारबाहर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल, आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड
बिलासपुर। कार मोड़ने की बात को लेकर हुए विवाद में गाली-गलौज और मारपीट करने के मामले में तारबाहर पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, अनुराग कश्यप ने शिकायत दर्ज कराई कि 13 अगस्त की रात वह अपने घर जाने के लिए कार मोड़ रहे थे। इसी दौरान ओम गरुड़ (20), निवासी विद्या नगर, चंदन पैलेस, तारबाहर और विशु श्रीवास (24), निवासी अशोक नगर चौक, सरकंडा ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
शिकायत के आधार पर तारबाहर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2), 118(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड होने के कारण उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया गया है।