बिलासपुर के सिटी कोतवाली क्षेत्र में चाकू लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर क्षेत्र में अड्डेबाजी करने वालों और आदतन बदमाशों पर लगातार नजर रखी जा रही है। 18 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि विक्की खटीक ज्वाली नाला, तेलीपारा रोड के पास धारदार हथियार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर दबिश देकर विक्की खटीक (22), निवासी डीपी कॉलेज के पास टिकरापारा को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 नग धारदार चाकू बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।