बिलासपुर। शहर विधायक अमर अग्रवाल का जन्मदिन 22 सितंबर को है। जन्मदिन से पहले समर्थकों और शुभचिंतकों ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में बैनर-पोस्टर और फ्लैक्स लगाकर उन्हें शुभकामनाएं देनी शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में राजेंद्र नगर चौक पर भी एक फ्लैक्स लगाया गया था, लेकिन इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होने लगी। सड़क के मोड़ पर लगा फ्लैक्स सामने का हिस्सा ढक रहा था, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
मामला विधायक अमर अग्रवाल तक पहुंचा तो उन्होंने समर्थकों के लगाए फ्लैक्स को हटवाने के निर्देश दे दिए। इसके बाद नगर निगम का अमला रविवार को राजेंद्र नगर चौक पहुंचा और फ्लैक्स को हटा दिया। नगर निगम महापौर पूजा विधानी ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि मोड़ पर पोस्टर लगाए जाने से ट्रैफिक में बाधा हो रही थी, इसलिए विधायक के निर्देश पर इसे हटाया गया।
अमर अग्रवाल के जन्मदिन से पहले हर साल शहर में बड़ी संख्या में बैनर-पोस्टर नजर आते हैं। समर्थकों के बीच अपने नेता को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए बैनर लगाने की होड़ रहती है। पहले जहां अखबारों और टीवी चैनलों में विज्ञापनों के जरिए शुभकामनाएं दी जाती थीं, वहीं अब सड़क किनारे फ्लैक्स और बैनर लगाना अपेक्षाकृत आसान और कम खर्चीला माध्यम बन गया है। इसके चलते कई बार चौक, सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर बैनर लगने से यातायात और शहर की व्यवस्था प्रभावित होती है।
इस बार हालांकि राजेंद्र नगर चौक पर लगा बैनर खुद विधायक के निर्देश पर हटाया गया। खास बात यह रही कि नगर निगम की कार्रवाई को लेकर शुरुआत में लोगों में यह चर्चा रही कि आखिर भाजपा के ही विधायक के समर्थकों द्वारा लगाए गए बैनर को निगम अमला क्यों हटा रहा है। बाद में जब यह जानकारी सामने आई कि कार्रवाई विधायक के निर्देश पर हुई है, तो तस्वीर साफ हो गई।
विधायक के बंगले के आसपास भी जन्मदिन की शुभकामनाओं वाले पोस्टर और फ्लैक्स लगाए जाने की परंपरा रही है। इस बार भी समर्थकों में जन्मदिन को लेकर उत्साह है, लेकिन राजेंद्र नगर चौक के मामले में विधायक ने सड़क और यातायात की परेशानी को प्राथमिकता देते हुए खुद फ्लैक्स हटवाने का निर्देश दिया। इससे पार्किंग और आवागमन के लिए भी जगह खाली हो गई।