बिलासपुर। आगामी कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के दौरान शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तोरवा पुलिस ने असामाजिक तत्वों और आदतन बदमाशों के खिलाफ धरपकड़ अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत पांच अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। वहीं, चाकूबाजी की एक अन्य घटना में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
पुलिस के अनुसार आगामी कृष्ण जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए थाना क्षेत्र में संध्या पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी दौरान 1 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को सार्वजनिक जगहों पर धारदार हथियार लहराते पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से लोहे के छह धारदार चाकू बरामद किए गए।
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें निलेश उर्फ छोटू गंगोत्री (24), घनश्याम मिश्रा (40), रविशंकर पाल (22), सरोज यादव (37) और दीपक बघेल उर्फ शिब्बू (23) शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं।
इसके अलावा तोरवा पुलिस ने चाकूबाजी की एक अन्य घटना में फरार चल रहे सिद्धार्थ उर्फ सिद्धु साहू, निवासी सिरगिट्टी, को भी गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 469/2026 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस की इस कार्रवाई को आगामी कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, चाकू या अन्य धारदार हथियार लहराकर भय का माहौल पैदा करने तथा असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
तोरवा पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि क्षेत्र में किसी व्यक्ति को हथियार लेकर घूमते या सार्वजनिक स्थान पर दहशत फैलाते देखने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके।