बिलासपुर। आगामी कृष्ण जन्माष्टमी त्योहार को देखते हुए शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिरगिट्टी पुलिस ने चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में पुलिस ने एक युवक को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन और थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में थाना क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि किर्तीनगर सिरगिट्टी स्थित मस्जिद के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान अभिषेक मिश्रा उर्फ जस्टीन (30), पिता अरविंद मिश्रा, निवासी किर्तीनगर सिरगिट्टी के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया।
मामले में अपराध क्रमांक 643/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे जेल दाखिल कर दिया गया।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशाखोरी, चाकूबाजी, अड्डेबाजी अथवा सार्वजनिक स्थान पर कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी प्रभावी और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।