बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के खैरा-लगरा गांव में जमीन पर सो रही दो सगी बहनों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान 13 वर्षीय बड़ी बहन नीशू की मौत हो गई। वहीं 6 वर्षीय छोटी बहन तेजस्वनी का निजी अस्पताल में उपचार जारी है। दोनों बहनों के एक साथ बीमार पड़ने से किसी जहरीले जीव-जंतु के काटने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।

जानकारी के मुताबिक खैरा-लगरा निवासी प्यारेलाल गोंड ड्राइवर हैं। गुरुवार रात उनकी दोनों बेटियां नीशू और तेजस्वनी घर में जमीन पर सो रही थीं। रात करीब 1 बजे नीशू ने पेट में दर्द होने की बात परिजनों को बताई। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। इसी दौरान छोटी बहन तेजस्वनी की तबीयत भी अचानक खराब हो गई।

परिजन दोनों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। शुक्रवार सुबह पिता प्यारेलाल ड्यूटी से घर लौटे तो उन्हें दोनों बेटियों की तबीयत खराब होने की जानकारी मिली। वे भी अस्पताल पहुंचे। जांच के दौरान नीशू की हालत गंभीर पाई गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

नीशू छठवीं कक्षा में पढ़ती थी, जबकि तेजस्वनी पहली कक्षा की छात्रा है। दोनों बहनों के एक साथ अचानक बीमार पड़ने से परिजन जहरीले जीव-जंतु के काटने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। शुक्रवार सुबह नीशू के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही उसकी मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।