
बिलासपुर। संभवतः महासमुंद फैमिली कोर्ट के जज के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के मामले में सरकंडा टीआई प्रदीप आर्य पर कार्रवाई की गई है। एसएसपी रजनेश सिंह ने उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है। उनकी जगह टीआई नरेश चौहान को सरकंडा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि आदेश में कार्रवाई की वजह प्रशासनिक बताई गई है, लेकिन घटनाक्रम को लेकर पुलिस महकमे में चर्चा है कि न्यायिक अधिकारी से जुड़े मामले में अपनाई गई प्रक्रिया पर सवाल उठने के बाद यह कदम उठाया गया।
मामला महासमुंद फैमिली कोर्ट के जज प्रफुल्ल कुमार सोनवानी से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात एक प्रॉपर्टी डीलर की बर्थडे पार्टी के दौरान जज की पत्नी और साले के साथ अभय बरुआ तथा उसके साथियों ने मारपीट की थी। इस मामले में जज के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की बात सामने आई। वहीं, प्रॉपर्टी डीलर अभय बरुआ और उसके साथियों के खिलाफ भी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। अभय के एक दोस्त ने भी पुलिस में शिकायत की थी।
एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि जज के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद मामला न्यायिक अधिकारियों तक पहुंचा। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई और प्रक्रिया को लेकर नाराजगी जताई गई। पुलिस मुख्यालय तक मामला पहुंचने के बाद भी तत्काल कार्रवाई नहीं हो सकी, क्योंकि उस समय एसएसपी रजनेश सिंह छुट्टी पर थे। उनके लौटने के बाद उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों से जवाब मांगा। इसके बाद टीआई प्रदीप आर्य को लाइन अटैच करने का आदेश जारी किया गया।
दरअसल, न्यायिक अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने से पहले प्रशासनिक अनुमति लेने और मामले के सभी पहलुओं की जांच करने की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठे हैं। हालांकि, इस मामले में किस स्तर पर और किसकी जिम्मेदारी तय की गई है, इसकी आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं है।
सरकंडा थाने की जिम्मेदारी संभालने जा रहे टीआई नरेश चौहान इससे पहले जिले के रतनपुर, सीपत और कोटा जैसे महत्वपूर्ण थानों में पदस्थ रह चुके हैं। सीपत थाने में उनकी पदस्थापना के दौरान पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत का मामला सामने आया था। ग्राम मोहारा में आबकारी एक्ट के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी की सेंट्रल जेल में मौत हो गई थी। यह मामला हाईकोर्ट से होते हुए सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर इसकी जांच सीबीआई कर रही है और मामला शीर्ष अदालत में लंबित है।