डेढ़ लाख रुपए के पंप बरामद, ठेकेदार से भुगतान नहीं मिलने और पैसों की जरूरत को बताया चोरी की वजह, चंद घंटे में आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। अमृत मिशन योजना के तहत गांवों में पेयजल व्यवस्था के लिए लगाए जाने वाले 7 सबमर्सिबल पंप चोरी करने के मामले में रतनपुर पुलिस ने चौकीदार को गिरफ्तार किया है। ठेकेदार ने जिस व्यक्ति को निर्माण सामग्री और उपकरणों की रखवाली की जिम्मेदारी सौंपी थी, उसी ने मौका पाकर स्टोर रूम से पंप पार कर दिए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए सभी 7 पंप बरामद कर लिए हैं। इनकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार कसडोल थाना क्षेत्र के कटगी निवासी ठेकेदार कृष्णपाल सिंह कोटा विकासखंड के विभिन्न गांवों में अमृत मिशन योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने का काम कर रहे थे। ग्राम तिलकडीह में उन्होंने किराए के मकान में पाइप, पंप, जीआई स्ट्रक्चर, पैनल सहित अन्य सामग्री रखी थी। इसकी देखरेख की जिम्मेदारी भेंड़ीमुड़ा रतनपुर निवासी पुष्पेंद्र सिंह राजपूत (28) को दी गई थी।

ठेकेदार 25 अक्टूबर को तिलकडीह पहुंचे तो स्टोर रूम से 1.5 एचपी के 7 सबमर्सिबल पंप गायब मिले। चौकीदार पुष्पेंद्र से पूछताछ करने पर उसने चोरी के संबंध में जानकारी नहीं होने की बात कही। इसके बाद 12 नवंबर को ठेकेदार ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पुष्पेंद्र सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने पंप चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि उसे पैसों की जरूरत थी और ठेकेदार की ओर से भुगतान नहीं किया जा रहा था। इसी वजह से उसने स्टोर रूम से 7 पंप चोरी कर लिए थे। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सभी पंप बरामद कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

कार्रवाई में रतनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश पांडेय, प्रशिक्षु अधिकारी प्रतिभा पटेल, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, विकास सेंगर तथा आरक्षक आकाश डोंगरे, धीरज कश्यप और देवानंद चंद्राकर की भूमिका रही।