बिलासपुर। मलेरिया के बाद अब जिले में स्वाइन फ्लू ने दस्तक दी है। जुलाई से अब तक जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से स्वाइन फ्लू के 7 मरीज सामने आ चुके हैं। इनमें से 5 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 2 मरीजों का इलाज अपोलो अस्पताल में जारी है।

सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल ने बताया कि अपोलो अस्पताल में भर्ती दो मरीजों में एक 75 वर्षीय वृद्ध है, जो पिछले सात दिनों से आईसीयू में भर्ती है। वहीं दूसरा मरीज 30 वर्षीय है। उसकी रायपुर की ट्रैवल हिस्ट्री सामने आई है। दोनों मरीजों का इलाज जारी है।

स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को किया अलर्ट

स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सिम्स, जिला अस्पताल के साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को अलर्ट कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग मरीजों की स्थिति पर नजर रखने के साथ ही संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक तैयारियां कर रहा है।

जिले में जुलाई से अब तक सामने आए 7 मामलों में 5 मरीजों के स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज होने से राहत है, लेकिन दो मरीजों के आईसीयू और अस्पताल में उपचाररत होने के कारण स्वास्थ्य विभाग सतर्कता बरत रहा है।