10 से 24 जनवरी तक ऑनलाइन खुद भर सकेंगे परिवार की जानकारी, 25 जनवरी से घर-घर पहुंचेगी जनगणना टीम


बिलासपुर। जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार जिले में जनसंख्या की गणना के लिए करीब 5150 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इनमें 4400 प्रगणक और 750 पर्यवेक्षक शामिल होंगे। ये कर्मचारी 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक जिले के 4.70 लाख से अधिक घरों तक पहुंचकर परिवार के सदस्यों की जानकारी जुटाएंगे। खास बात यह है कि घर-घर सर्वे शुरू होने से पहले 10 से 24 जनवरी तक नागरिकों को स्वयं पोर्टल पर अपनी और परिवार की जानकारी दर्ज करने का विकल्प मिलेगा। इस बार पहले चरण की तुलना में 1447 अधिक कर्मचारियों की जरूरत पड़ेगी।

जनगणना के पहले चरण में जिले के 14 शहरी और 12 ग्रामीण चार्ज में 1 से 30 मई तक मकानों की गणना की गई थी। इसके लिए 3174 प्रगणक और 529 पर्यवेक्षक सहित कुल 3703 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इस दौरान 6,00,822 मकानों की गणना की गई। अब दूसरे चरण में मकानों के बजाय जनसंख्या की गणना की जाएगी। इसके लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर करीब 5150 की जा रही है। घर-घर सर्वे पूरा होने के बाद 1 से 5 मार्च 2027 तक जुटाए गए आंकड़ों का सत्यापन और आवश्यक सुधार किया जाएगा।

2011 के मुकाबले 5.35 लाख बढ़ सकती है आबादी

जिले में पिछली जनगणना वर्ष 2011 में हुई थी। उस समय बिलासपुर जिले की आबादी 16,25,502 थी। इसमें 8,27,627 पुरुष और 7,97,875 महिलाएं शामिल थीं। ग्रामीण क्षेत्रों में 10,43,356 और शहरी क्षेत्रों में 5,82,146 लोग निवासरत थे। जनगणना के आंकड़ों के अनुसार जिले में 2,33,615 अनुसूचित जनजाति और 3,37,420 अनुसूचित जाति के लोग थे।

मार्च 2026 के अनुमानित आंकड़ों के अनुसार जिले की आबादी बढ़कर 21,61,094 हो गई है। इस लिहाज से 2011 की तुलना में करीब 5,35,592 की वृद्धि का अनुमान है। अब जनगणना के दूसरे चरण में वास्तविक आंकड़े सामने आएंगे। इससे जिले की शहरी और ग्रामीण आबादी के साथ जनसंख्या वृद्धि की वास्तविक स्थिति भी स्पष्ट होगी।

650 निजी स्कूलों के शिक्षकों की भी लग सकती है ड्यूटी

जनगणना के लिए 1447 अतिरिक्त कर्मचारियों की जरूरत को देखते हुए इस बार निजी स्कूलों के शिक्षकों को भी जिम्मेदारी देने की तैयारी है। जनगणना नियमों में संशोधन के बाद स्थानीय निकायों के अलावा सहायता प्राप्त और गैर-सहायता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षकों को भी प्रगणक बनाया जा सकता है।

जिले में करीब 650 निजी स्कूल संचालित हैं। इनमें बिल्हा ब्लॉक में 379, मस्तूरी में 108, तखतपुर में 103 और कोटा में 60 स्कूल शामिल हैं। इन स्कूलों में 285 प्राथमिक, 210 मिडिल, 75 हाई और 80 हायर सेकेंडरी स्कूल हैं। शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने पर उन्हें भी 16 हजार रुपए मानदेय दिया जाएगा।

सहायक जनगणना अधिकारी झील जायसवाल के अनुसार इस बार मकानों के बजाय जनसंख्या की गणना की जानी है, इसलिए अधिक कर्मचारियों की आवश्यकता होगी। जिले की सबसे ज्यादा आबादी नगर निगम क्षेत्र में है। ऐसे में कुल कर्मचारियों में से करीब एक तिहाई की जरूरत निगम क्षेत्र में पड़ेगी। कलेक्टर के आदेश पर निजी स्कूलों के कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई जा सकती है।

72 फील्ड ट्रेनर्स को दिसंबर में दिया जाएगा प्रशिक्षण

दूसरे चरण की तैयारियों के तहत जिले में 72 फील्ड ट्रेनर्स नियुक्त किए गए हैं। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी की ओर से इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं। बिलासपुर, बेलगहना, रतनपुर, कोटा, तखतपुर, सकरी, बेलतरा, सीपत, मस्तूरी, बोदरी, पचपेड़ी और बिल्हा क्षेत्रों के लिए प्रशिक्षकों की जिम्मेदारी तय की गई है।

प्रशिक्षकों के पहले बैच को 2 से 4 दिसंबर और दूसरे बैच को 7 से 9 दिसंबर तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। तीन दिवसीय प्रशिक्षण में उन्हें जनगणना की प्रक्रिया, प्रगणकों की जिम्मेदारियों और सर्वे के दौरान अपनाए जाने वाले दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी। इसके बाद प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स आगे जनगणना कार्य में लगाए जाने वाले कर्मचारियों को प्रशिक्षित करेंगे।