बिलासपुर। जिला ऑटो संघ बिलासपुर के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 7 अक्टूबर को बिलासपुर रेलवे स्टेशन में विभिन्न पदों के लिए नामांकन दाखिल किए गए। चुनाव में संघ के पांच प्रमुख पदों के लिए कुल 14 प्रत्याशी मैदान में हैं।

निर्वाचन अधिकारी लक्ष्मी यादव, पार्षद वार्ड क्रमांक 42 एवं बिज्जू राव ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए 3, उपाध्यक्ष के लिए 4, सचिव के लिए 2, सह-सचिव के लिए 3 और कोषाध्यक्ष पद के लिए 2 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। अध्यक्ष पद के लिए अब्दुल वकील खान, अजय पानिकर (नान) और सतुला देवी पाटले चुनाव मैदान में हैं।

संघ के मतदाता अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव और कोषाध्यक्ष सहित कुल पांच पदों के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव को लेकर ऑटो संघ के सदस्यों के बीच सरगर्मी बढ़ गई है और प्रत्याशी मतदाताओं से संपर्क कर समर्थन जुटाने में लगे हैं।

12 अक्टूबर को मतदान

जिला ऑटो संघ का मतदान 12 अक्टूबर 2026 को त्रिवेणी भवन, बिलासपुर में सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की जाएगी और परिणाम घोषित किया जाएगा।

निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि चुनाव की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने संघ के सभी सदस्यों, मतदाताओं और ऑटो वाहन मालिकों से निर्धारित समय पर मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। साथ ही चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सफल बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है।