बिलासपुर। जिला ऑटो संघ बिलासपुर के चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से निर्वाचन अधिकारी लक्ष्मी यादव एवं बिज्जू राव ने संघ के सभी प्रत्याशियों, सदस्यों एवं ऑटो वाहन मालिकों से सहयोग की अपील की है।


निर्वाचन अधिकारियों ने कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी मतदाता बिना किसी डर, दबाव, लालच या भेदभाव के अपने विवेक के अनुसार स्वतंत्र रूप से मतदान करें।


निर्वाचन अधिकारियों ने विशेष अपील की है कि कोई भी मतदाता शराब अथवा किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन करके मतदान करने न आए। सभी मतदाता होशोहवास में, अनुशासन के साथ तथा शांतिपूर्ण वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करें। चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद, झगड़े या अशांति से बचें।


पुलिस प्रशासन से सहयोग की अपील


निर्वाचन अधिकारी लक्ष्मी यादव एवं बिज्जू राव ने सभी प्रत्याशियों, सदस्यों एवं वाहन मालिकों से अपील की है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। यदि किसी प्रकार की अव्यवस्था, विवाद या अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है, तो कानून अपने हाथ में लेने के बजाय पुलिस प्रशासन एवं संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को तत्काल सूचित करें।


उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि पुलिस प्रशासन के निर्देशों का पालन करें तथा चुनाव को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में अपना योगदान दें।


निर्वाचन अधिकारियों ने कहा कि हमारा उद्देश्य किसी के पक्ष या विपक्ष में नहीं, बल्कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करना है। सभी प्रत्याशी आपसी सद्भाव बनाए रखें और चुनाव प्रक्रिया का सम्मान करें।


आइए, हम सभी मिलकर जिला ऑटो संघ बिलासपुर के चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, नशामुक्त एवं अनुशासित बनाएं।


हमारी अपील


“न डर, न दबाव, न शराब का प्रभाव,

निष्पक्ष मतदान से लोकतंत्र का सम्मान!”


“पुलिस प्रशासन का करें सम्मान,

शांतिपूर्ण चुनाव में दें अपना योगदान!”