
बिलासपुर। जिला न्यायालय परिसर में बुधवार को उस समय असहज स्थिति बन गई, जब एक अधिवक्ता और लॉ स्टूडेंट के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। दोनों पूर्व परिचित बताए जा रहे हैं और सामाजिक संगठन से भी जुड़े रहे हैं। घटना के बाद दोनों पक्ष सिविल लाइन थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार मुंगेली निवासी मुकेश बंजारा एलएलबी के छात्र हैं और वकालत का व्यावहारिक अनुभव लेने के लिए एक वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ जिला न्यायालय में काम करते हैं। वहीं जैजैपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके अधिवक्ता ओमप्रकाश बंजारे जिला न्यायालय के साथ हाईकोर्ट में भी प्रैक्टिस करते हैं। दोनों एक ही सामाजिक पृष्ठभूमि से होने के साथ पूर्व में भीम आर्मी से जुड़े रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा है और पूर्व में भी एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें और एफआईआर हो चुकी हैं।
बुधवार को दोनों न्यायालय परिसर में आमने-सामने हुए। बताया जा रहा है कि ओमप्रकाश बंजारे ने सोशल मीडिया पर उनके संबंध में किए जा रहे पोस्ट को लेकर मुकेश बंजारा से आपत्ति जताई। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों एक-दूसरे के कपड़े खींचते और मारपीट करते नजर आए। मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं और पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया।
घटना के बाद दोनों पक्ष सिविल लाइन थाने पहुंचे। मुकेश बंजारा ने ओमप्रकाश बंजारे पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके आपराधिक मामलों और पूर्व की कार्रवाई का हवाला दिया। वहीं ओमप्रकाश बंजारे ने आरोपों को व्यक्तिगत विवाद से जोड़ते हुए कहा कि मुकेश बंजारा उनके राजनीतिक और सामाजिक संबंधों को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार आपत्तिजनक पोस्ट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भीम आर्मी से जुड़े रहने के बावजूद कांग्रेसी नेताओं से उनके व्यक्तिगत और राजनीतिक संबंध रहे हैं और इसे लेकर उनके खिलाफ गलत प्रचार किया जा रहा है।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के स्तर पर शिकायतों की जांच की जा रही है। आरोपों में कौन-सी बात तथ्यात्मक है और कौन-सी विवाद का हिस्सा है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। हालांकि, न्यायालय परिसर में कानून से जुड़े दो लोगों के बीच सार्वजनिक रूप से हुई मारपीट की घटना ने न्यायालय की गरिमा और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।