तारबाहर पुलिस ने दर्ज किया अपराध, अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बिलासपुर। जिला अस्पताल में चोरों ने एक ही रात में महिला वार्ड, पुरुष वार्ड और वार्ड नंबर 102 से 5 मोबाइल फोन पार कर दिए। 21 अक्टूबर की रात हुई इन घटनाओं से अस्पताल में हड़कंप मच गया। मामले में तारबाहर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, CCTV फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति वार्डों में घूमता नजर आया है।
जानकारी के अनुसार, मोबाइल चोरी की घटनाएं 21 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे से सुबह 5 बजे के बीच हुईं। मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र के ग्राम मोतीमपुर निवासी अरमान कोसले अपनी बीमार बहन सुमिक्षा कुमारी कोसले के इलाज के लिए 18 अक्टूबर को जिला अस्पताल आया था। घटना की रात अरमान घर गया हुआ था, जबकि उसकी मां राजकुमारी कोसले और बहन अस्पताल में मौजूद थीं। दोनों ने अपने मोबाइल फोन टेबल की दराज में रखे थे, लेकिन सुबह उठने पर मोबाइल गायब मिले।
इसी दौरान गणेश नगर निवासी हसीना बेगम, लिंगियाडीह निवासी मंजू वर्मा और न्यू सरकंडा निवासी सतरूपा नेताम के मोबाइल भी चोरी हो गए। एक ही रात में अलग-अलग वार्डों से 5 मोबाइल गायब होने के बाद अस्पताल प्रबंधन और परिजनों ने CCTV फुटेज की जांच की। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति वार्डों में घूमता दिखाई दिया। इसके बाद मामले की शिकायत तारबाहर थाने में दर्ज कराई गई।
रात में निगरानी बढ़ाने के निर्देश
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. एस. कुजूर ने बताया कि अस्पताल से 5 मोबाइल गायब होने की सूचना मिली है। मामले की शिकायत तारबाहर थाने में की गई है। उन्होंने सुरक्षा गार्डों को रात के समय अस्पताल में आने-जाने वाले लोगों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
अस्पताल के वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के सामान की सुरक्षा को लेकर इस घटना ने सवाल खड़े कर दिए हैं। रात के समय वार्डों में संदिग्ध व्यक्ति की आवाजाही और एक साथ 5 मोबाइल चोरी होने से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चिंता जताई जा रही है।