बिलासपुर। झलमला में गौवंशों की मौत और मोपका गौठान में व्यवस्थाओं को लेकर मां अंजना सेवा समिति और गौ सेवकों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है। गौ सेवकों ने झलमला में चारा-पानी के अभाव में गौवंशों की मौत का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मोपका गौठान में पर्याप्त चारा-पानी, दवाइयों और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

मां अंजना सेवा समिति बिलासपुर के सदस्यों और विश्व हिंदू परिषद के जिला गौ सेवा प्रमुख पवन निर्मलकर ने अपने साथियों के साथ संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन दिया। इसमें झलमला में गौवंशों की मौत के मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

ज्ञापन में मोपका गौठान में गौवंशों के लिए नियमित रूप से पर्याप्त चारा-पानी और दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई। गौ सेवकों ने कहा कि गौवंशों की देखभाल में लापरवाही नहीं होनी चाहिए और गौठानों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए।

इस दौरान समिति के अमृत यादव, राज कुमारी बघेल, विकास अवसरिया, मोहित यादव, संतोष श्रीवास, भौमिक बघेल सहित अन्य गौ सेवक मौजूद रहे।