
बिलासपुर। सीपत पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम जेवरा में रेड कर 12 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। मामले में पुलिस ने 56 वर्षीय पंचराम नेताम निवासी जेवरा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘चेतना विरुद्ध नशा’ अभियान के तहत 6 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम जेवरा में दबिश दी, जहां पंचराम नेताम के कब्जे से 12 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 2400 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। सीपत पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है।