केंद्रीय जेल बिलासपुर में मोबाइल से कैदियों का वीडियो बना रहे दो लोगों ने जेल प्रहरी के साथ गाली गलौज और मारपीट की । प्रहरी ने उन्हें वीडियो बनाने से रोका तो जेल प्रहरी को जान से मारने की धमकी देते हुए विवाद शुरू कर दिया गया। बदमाशों ने ऑन ड्यूटी प्रहरी का बैज भी तोड़ दिया। सिविल लाइन पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।


 केंद्रीय जेल बिलासपुर में जेल प्रहरी के रूप में तैनात पुरुषोत्तम सिंह पोटाम की 1 अक्टूबर को मुलाकाती ड्यूटी लगी थी। इसी दौरान श्रीयांश सिंह और शंभू यादव नाम के दो व्यक्ति जेल परिसर पहुंचे और अपने मोबाइल से कैदियों का वीडियो बनाने लगे। जब प्रहरी ने उन्हें रोका तो दोनों ने विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद वे मारपीट करने लगे। मारपीट में प्रहरी को चोट आई है। शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और मारपीट के आरोप में सिविल लाइन पुलिस ने श्रेयांश सिंह और शंभू यादव के खिलाफ कार्रवाई की है। जेल परिसर में मोबाइल प्रतिबंधित है। कैदियों से मुलाकात करने वाले भी मोबाइल नहीं ले जा सकते। कुछ दिन पहले कैदियों के साथ बातचीत करते हुए बर्थडे सेलिब्रेट करने आदि का वीडियो सामने आया था, जिसके बाद परिसर में मोबाइल प्रतिबंधित किया गया है। इसी बात पर विवाद शुरू हुआ और प्रहरी के साथ मारपीट की गई।