बिलासपुर। इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदने के बहाने निजी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी की महिला कर्मचारी को लॉज ले जाकर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रैपिडो में काम करने वाला युवक प्लान की जानकारी लेने के बहाने 25 वर्षीय युवती को स्टेशन रोड स्थित शिवम लॉज ले गया। वहां कमरे में जबरदस्ती करने के बाद उसे धमकी देकर फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर तारबाहर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, कोरबा निवासी युवती व्यापार विहार स्थित एक निजी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में काम करती है। 28 अक्टूबर को अरमान सलूजा नामक युवक ने उसे फोन कर इंश्योरेंस प्लान की जानकारी मांगी। युवती ने फोन पर पॉलिसी के बारे में बताया तो युवक ने दिवाली से पहले पॉलिसी लेने की बात कही। उसने दस्तावेज देखने के लिए ऑफिस आने की भी बात कही थी।
शाम करीब 7:30 बजे युवक युवती के ऑफिस पहुंचा। वहां शोरगुल होने की बात कहते हुए उसने किसी शांत जगह पर बैठकर पॉलिसी समझने का प्रस्ताव रखा। इसके बाद वह युवती को स्टेशन रोड स्थित शिवम लॉज ले गया। लॉज में संचालक ने युवती का पहचान पत्र जमा कराया, लेकिन युवक का पहचान पत्र लिए बिना ही उसे कमरा नंबर 124 की चाबी दे दी।
कमरे में युवती युवक को पॉलिसी की जानकारी दे रही थी। इसी दौरान युवक ने दरवाजा बंद कर उसके साथ जबरदस्ती शुरू कर दी। युवती के विरोध के बावजूद आरोपी ने दुष्कर्म किया और धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद युवती ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन उसे लेकर तारबाहर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। मामले में लॉज संचालक की भूमिका और पहचान पत्र संबंधी प्रक्रिया की भी जांच की जा सकती है।