रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के रोमांचक मुकाबलों के बीच उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों ने रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर, प्रदेश महामंत्री राकेश तिवारी, आयुष विश्वविद्यालय प्रबंधन बोर्ड रायपुर के सदस्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार दास, छत्तीसगढ़ कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी के सीईओ चंदन कुमार, शारदा ग्रुप के चेयरमैन (वित्त) योगेंद्र शुक्ला, भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक आदर्श श्रीवास्तव, गोयल ग्रुप के मार्केटिंग हेड चंद्रशेखर तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश सॉफ्टबॉल एसोसिएशन के महासचिव ओपी शर्मा भी मौजूद रहे।
अतिथियों ने खेलों को स्वस्थ जीवन, अनुशासन, टीम भावना और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताते हुए प्रदेश में इस तरह के आयोजनों को खेल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इस मौके पर कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने का सशक्त जरिया है। हॉकी जैसे टीम खेल खिलाड़ियों में आपसी तालमेल, संघर्ष करने की क्षमता और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना पैदा करते हैं। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं और प्रतियोगिताओं को बढ़ावा मिलने से प्रदेश की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने इस तरह के आयोजनों को प्रदेश के खेल जगत के लिए उत्साहजनक बताया।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि स्वस्थ शरीर और सक्रिय जीवनशैली के लिए खेलों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। नियमित खेल गतिविधियां शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक मजबूती भी प्रदान करती हैं। युवाओं और बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग जैसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रतिस्पर्धा के अनुभव से सीखने का अवसर देते हैं।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करती हैं। हॉकी देश की गौरवशाली खेल परंपरा का हिस्सा है। छत्तीसगढ़ में इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ नई प्रतिभाओं को आगे लाने में सहायक होगा। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
आयुष विश्वविद्यालय प्रबंधन बोर्ड, रायपुर के सदस्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार दास ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली और शारीरिक सक्रियता के लिए खेलों को दिनचर्या का हिस्सा बनाना जरूरी है। वे स्वयं भी बैडमिंटन के नियमित खिलाड़ी है। खेल शरीर को स्वस्थ रखने के साथ तनाव कम करने और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में भी मदद करते हैं। हॉकी लीग जैसे आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति आकर्षित करने और प्रदेश में स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की पहली जीत, न्यायधानी नाइट्स सेमीफाइनल में
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के मुकाबले में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने राजधानी रॉयल्स को 4-2 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। शाहरुख और आशीष तानी पूर्ति ने 2-2 गोल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। वहीं, न्यायधानी नाइट्स और चक्रधर चैंपियंस के बीच मुकाबला 4-4 से ड्रॉ रहा। अंक तालिका में बेहतर स्थिति के आधार पर न्यायधानी नाइट्स ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।