बिलासपुर। पेण्ड्रा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर ग्राम अमरपुर के पास गुरुवार रात तेज रफ्तार धान हार्वेस्टर ने बाइक सवार युवक और युवती को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर में युवक का सिर धड़ से अलग हो गया। घटना के बाद हार्वेस्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने पीछा कर मशीन को ग्राम पतगवां के पास से जब्त कर लिया। चालक मौके से भागने में सफल रहा।


पुलिस के अनुसार बाइक सवार युवक-युवती किसी जरूरी काम से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई।


दुर्घटना के बाद चालक हार्वेस्टर लेकर तेजी से भागने लगा। रास्ते में भी उसने अन्य लोगों को दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बचाया। सूचना मिलते ही पेण्ड्रा पुलिस और पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन का पीछा किया गया और ग्राम पतगवां के पास हार्वेस्टर जब्त कर लिया गया। हालांकि चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।


मृतकों की पहचान 22 वर्षीय मुकेश पोर्ते, पिता जीवन, निवासी घाटबाहरा खुसरोपारा, चौकी कोड़गार और 17 वर्षीय दुलरिया, पिता फागुन सिंह वाकरे, निवासी बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया। मामले में प्रकरण दर्ज कर फरार चालक की तलाश की जा रही है।