सीपत में चालक की लापरवाही से मुख्य मार्ग पर मची अफरा-तफरी, 3 किलोमीटर तक लगा जाम; 4 घंटे की मशक्कत के बाद रात 8:50 बजे बहाल हुआ आवागमन
बिलासपुर। सीपत में हाइवा चालक की लापरवाही से सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया। हाइवा का पिछला डाला हाइड्रोलिक सहित ऊपर उठा हुआ था और चालक इसी हालत में वाहन को मुख्य मार्ग पर दौड़ा रहा था। इसी दौरान उठा हुआ डाला सड़क के ऊपर लगे जल संसाधन विभाग के लोहे के एंगल से बने बोर्ड से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोर्ड टूटकर हाइवा के ऊपर जा गिरा। हादसे में सड़क के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार और पोल भी टूटकर नीचे आ गए। गनीमत रही कि इस दौरान कोई राहगीर या वाहन चालक इसकी चपेट में नहीं आया।
घटना सोमवार शाम करीब 4:30 बजे सीपत शराब दुकान भट्टी के पास मुख्य मार्ग पर हुई। जांजी से सीपत की ओर आ रहा हाइवा क्रमांक CG 10 C 9445 का पिछला डाला हाइड्रोलिक सिस्टम के कारण ऊपर उठा हुआ था। चालक ने वाहन रोककर डाला नीचे करने के बजाय इसी स्थिति में मुख्य मार्ग पर आगे बढ़ा दिया। कुछ दूर पहुंचते ही उठा हुआ डाला सड़क के ऊपर लगे लोहे के बोर्ड से जा टकराया। टक्कर से बोर्ड टूटकर हाइवा पर गिर गया और बिजली के तार व पोल भी क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सड़क पर बिजली के तार और टूटे पोल गिरने से आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हादसे के बाद चालक हाइवा को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
3 किलोमीटर तक वाहनों की कतार, 4 घंटे चला राहत कार्य
सूचना मिलते ही सीपत पुलिस मौके पर पहुंची। बोर्ड और अन्य बाधाओं को हटाने के लिए एनटीपीसी से हाइड्रा मशीन मंगवाई गई। स्थानीय लोगों और व्यापारियों की मदद से सड़क पर गिरे लोहे के बोर्ड और गेट को हटाने का काम शुरू किया गया। भारी भरकम लोहे के ढांचे को हटाने में पुलिसकर्मियों और स्थानीय व्यापारियों को करीब 4 घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।
इस दौरान मुख्य मार्ग के दोनों ओर करीब 3 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। रात 8:50 बजे तक सड़क से बाधाएं हटाई जा सकीं, जिसके बाद आवागमन बहाल हुआ। त्योहार के दौरान मुख्य मार्ग पर हुई इस घटना से घंटों लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। गनीमत रही कि जिस समय लोहे का बोर्ड और बिजली के पोल टूटकर गिरे, उस समय कोई राहगीर या वाहन उनकी चपेट में नहीं आया।