स्कूल से दोस्तों के साथ लौट रहा था 17 वर्षीय छात्र, आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत
बिलासपुर। रानीगांव में स्कूल से छुट्टी के बाद दोस्तों के साथ घर लौट रहे 12वीं कक्षा के छात्र पर गांव के ही एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने हाईवे तिराहे पर छात्र का रास्ता रोककर पहले गाली-गलौज की। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी देते हुए छात्र की पीठ पर चाकू से वार कर दिया। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सिंघरी निवासी यशस्वी साहू (17) शासकीय हाई स्कूल रानीगांव में कक्षा 12वीं का छात्र है। 13 अक्टूबर को शाम करीब 4 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह अपने सहपाठी तुषार साहू, अमित केंवट और दीपेश साहू के साथ पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव का ही रितेश दुबे वहां पहुंचा और यशस्वी से विवाद करने लगा।
आरोप है कि रितेश ने छात्र के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। यशस्वी ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने अपने पास रखे चाकू से उसकी पीठ पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले से छात्र लहूलुहान हो गया। साथ चल रहे दोस्तों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमले के पीछे विवाद की वजह क्या थी, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।