चाकू दिखाकर दी थी जान से मारने की धमकी, 19 वर्षीय युवक समेत 3 नाबालिग पकड़े गए, लूटी गई बाइक और मोबाइल बरामद

बिलासपुर। कोटा के रेलवे गतवा फाटक के पास युवक की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर चाकू की नोक पर मोटरसाइकिल, मोबाइल और नकदी लूटने वाले गिरोह को कोटा पुलिस ने वारदात के कुछ घंटों के भीतर पकड़ लिया। पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय युवक सहित 3 विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पल्सर मोटरसाइकिल, ओप्पो मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम खुरदुर निवासी शिवम कुमार ध्रुव 11 नवंबर को अपने दोस्त के घर ग्राम दवनपुर में लक्ष्मी विसर्जन देखने गया था। रात में अपनी एनएस पल्सर मोटरसाइकिल (सीजी 10 सीसी 2726) से वापस लौटते समय रेलवे गतवा फाटक के पास 3-4 युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने पहले उसे मोटरसाइकिल से अलग होने के लिए कहा और फिर आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। इसके बाद चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसका ओप्पो मोबाइल, पल्सर बाइक तथा 1000 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।

घटना की रिपोर्ट मिलते ही कोटा पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मुखबिरों को सक्रिय किया गया। सूचना के आधार पर पुलिस ने कोटा के पड़ावपारा वार्ड क्रमांक 1 निवासी कैलाश उर्फ बिल्लू साहू (19) और 3 विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया।

पुलिस ने कैलाश उर्फ बिल्लू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि तीनों नाबालिगों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई। इसमें निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, उप निरीक्षक नागेश्वरी साहू, कमल नारायण शर्मा सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की भूमिका रही।