दो सूने मकानों को बनाया निशाना, कहीं एग्जॉस्ट फैन तोड़कर घुसे चोर तो कहीं मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा

बिलासपुर। शहर और आसपास के इलाकों में सूने मकानों को निशाना बनाने वाले चोरों की सक्रियता बढ़ती जा रही है। मस्तूरी के गतौरा और सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा में चोरों ने दो मकानों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत करीब 1.28 लाख रुपए का माल पार कर दिया। दोनों घटनाओं में मकान मालिकों की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर चोरी की गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गतौरा में एग्जॉस्ट फैन तोड़कर घर में घुसे चोर

पहली घटना मस्तूरी क्षेत्र के गतौरा गोड़पारा की है। अकलतरा स्थित राइस मिल में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत देवेंद्र कुमार धीवर 11 अक्टूबर को परिवार के साथ मिल चले गए थे। घर लौटने पर उन्हें सामान बिखरा मिला। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने दीवार में लगे एग्जॉस्ट फैन को तोड़कर घर में प्रवेश किया और पेटी का ताला तोड़ दिया। वहां रखे सोने के मंगलसूत्र, ईयररिंग्स, चांदी की पायल, कंगन, बिछिया, कांसे-पीतल के बर्तन और 13 हजार रुपए नकद सहित करीब 63 हजार रुपए का सामान चोरी कर लिया गया।

चिंगराजपारा में अलमारी का लॉकर तोड़कर जेवर और नकदी ले गए

दूसरी वारदात सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा स्थित देवनंदन नगर में हुई। गृहिणी अलफिया खान रात में अपने घर में ताला लगाकर पास स्थित मायके में सोने चली गई थीं। अगली सुबह लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी के लॉकर से सोने का मंगलसूत्र, कान की बालियां, चांदी की पायल, बिछिया, हाथ का ब्रेसलेट, दो स्मार्टवॉच और 25 हजार रुपए नकद गायब थे। चोरी गए सामान की कीमत करीब 65 हजार रुपए बताई गई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही, पूर्व में चोरी की वारदातों में शामिल रहे आरोपियों के रिकॉर्ड भी जांचे जा रहे हैं। पुलिस इस आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है कि वारदातों में किसी परिचित या पहले चोरी के मामलों में संलिप्त रहे आरोपियों की भूमिका हो सकती है।