बिलासपुर। गरबा में शामिल होने जा रही युवती को ऑटो चालक बहाने से सुनसान जगह ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने तारबाहर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

तारबाहर पुलिस के अनुसार कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली युवती सितंबर की एक शाम गांधी चौक के पास से ऑटो में बैठकर गरबा में शामिल होने कुंदन पैलेस जा रही थी। पुराना बस स्टैंड पहुंचने पर वह ऑटो से उतर गई और दूसरा ऑटो तलाश रही थी। इसी दौरान एक ऑटो चालक ने उसे कुंदन पैलेस छोड़ने की बात कही। उसकी बात पर युवती ऑटो में बैठ गई।

शाम करीब 7.30 बजे वह कुंदन पैलेस पहुंची, लेकिन उस समय गरबा शुरू नहीं हुआ था। युवती पैलेस के सामने खड़ी थी। इसी दौरान ऑटो चालक ने उसे घुमाकर वापस छोड़ने की बात कही। युवती उसकी बातों में आ गई और दोबारा ऑटो में बैठ गई। चालक उसे मैग्नेटो मॉल होते हुए एफसीआई गोदाम और रेलवे डिपो की ओर सुनसान जगह में ले गया। वहां ऑटो रोककर आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया।

घटना के बाद आरोपी युवती को वहीं छोड़कर ऑटो लेकर फरार हो गया। पीड़िता किसी तरह तारबाहर थाने पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर सरकंडा निवासी ऑटो चालक करन भरवे को गिरफ्तार कर लिया।