बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र में युवती को बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने ऑटो चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान करन दरभे (23), निवासी खमतराई, थाना सरकंडा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को पीड़िता नीले रंग के इलेक्ट्रॉनिक ऑटो क्रमांक CG 10 BU 9563 में सवार होकर कुंदन पैलेस जा रही थी। आरोप है कि ऑटो चालक करन दरभे उसे बहला-फुसलाकर एफसीआई चौक के आगे रेलवे डिपो के गेट नंबर 03 के पास ले गया। वहां उसने पीड़िता को डराया-धमकाया और मुंह दबाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता की रिपोर्ट पर तारबाहर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पूछताछ और कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।