बिलासपुर। गनियारी में मारपीट कर मोटरसाइकिल लूटने वाले 3 युवकों को कोटा पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने बाइक सवार युवक को रास्ते में रोककर पहले मारपीट की और फिर पैसों की मांग की। विरोध करने पर उसकी पल्सर बाइक लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई बाइक के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम समडील निवासी दुर्गेश साहू 10 नवंबर को घरेलू सामान और पटाखे खरीदने के लिए अपनी पल्सर बाइक (सीजी 12 बीएल 1353) से गनियारी आया था। इसी दौरान 3 युवकों ने उसे रोक लिया और मारपीट करते हुए पैसों की मांग करने लगे। पैसे नहीं देने पर आरोपियों ने उसकी बाइक लूट ली। पीड़ित की शिकायत पर कोटा थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगला के आजाद चौक निवासी अभय सूर्यवंशी (19), नंद कुमार केवट (19) और नीरज सूर्यवंशी (19) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से करीब 70 हजार रुपए कीमत की पल्सर बाइक और लूट में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने इससे पहले सिविल लाइन थाना क्षेत्र में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, उप निरीक्षक नागेश्वरी साहू, दिलीप साहू सहित प्रधान आरक्षक सत्यप्रकाश यादव और आरक्षक धर्मेंद्र साहू, सुनील पटेल एवं दीप सिंह कंवर की भूमिका रही।