
बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी में लोहे का धारदार चापड़ लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डराने-धमकाने वाले 19 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चापड़ जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर चाकू दिखाकर लोगों में भय का माहौल बना चुका है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गनियारी में एक युवक लोहे का धारदार चापड़ लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी सूरज वर्मा उर्फ घोड़ा (19 वर्ष), निवासी ग्राम गनियारी को पकड़ लिया। उसके कब्जे से धारदार चापड़ जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। कार्रवाई में प्रभारी प्रधान आरक्षक दिलीप साहू, प्रधान आरक्षक संबंध साय सिदार, आरक्षक संजय श्याम और आरक्षक धर्मेंद्र साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।