तलवार, चाकू, लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला; पिता और भाई समेत कई घायल, 11 संदेही हिरासत में
बिलासपुर। गणेश उत्सव के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा के जनक पहरी इलाके में रविवार रात गणेश पंडाल के पास दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान तलवार, चाकू, लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला किया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल शैलेश कुमार राठौर की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं उसके पिता और भाई समेत कई लोग घायल हुए हैं, जिनका सिम्स में इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच जनक पहरी स्थित गणेश पंडाल में डीजे बज रहा था। इसी दौरान डीजे पर नाचने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से भी विवाद था। नाचने को लेकर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने परिवार के सदस्यों पर तलवार, चाकू और अन्य धारदार हथियारों के साथ लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस दौरान पत्थर भी चलाए गए। हमले में शैलेश कुमार राठौर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना में शैलेश के पिता व्यास नारायण राठौर और बड़े भाई रवि कुमार राठौर के भी घायल होने की जानकारी है। वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे विक्रम राठौर और विकास राठौर समेत अन्य लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। घायलों का सिम्स में इलाज चल रहा है।
11 संदेही हिरासत में, पूछताछ जारी
घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में 11 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमले में 13 से 15 लोगों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और हमले में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पत्नी ने की फांसी की मांग, होटल पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग
शैलेश की मौत के बाद उसकी पत्नी ने घटना में शामिल आरोपियों को फांसी देने की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों ने आरोपियों के कथित अवैध कब्जे पर बने होटल के खिलाफ भी बुलडोजर कार्रवाई की मांग उठाई है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।