लाठी, डंडे, कुल्हाड़ी और चाकू से हमला; एक विधि से संघर्षरत बालक भी हिरासत में, हथियार बरामद
बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा में गणेश पंडाल में बाजा बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में लाठी-डंडे, लोहे की रॉड, कुल्हाड़ी, चाकू और अन्य हथियारों से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल शैलेष कुमार राठौर उर्फ राज की सिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि ब्यास नारायण, रवि राठौर, विकास उर्फ लक्की और विक्रम राठौर सहित अन्य लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार 20 सितंबर की रात करीब 10.30 बजे गतौरा जनकपहारी में गणेश पंडाल के पास बाजा बजाने की बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। शिकायत के मुताबिक एक पक्ष के लोगों पर लाठी, डंडे, फरसा, कुल्हाड़ी, चाकू और अन्य हथियारों से हमला किया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी मारपीट की गई। घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को निजी वाहन से सिम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने शैलेष कुमार राठौर उर्फ राज को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू की टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा, लोहे का चाकू और लोहे की कुल्हाड़ी बरामद की गई। सभी आरोपियों को 21 सितंबर को गिरफ्तार किया गया और 22 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बोधीराम राठौर (75), निवासी गतौरा, संतोष राठौर (47), निवासी खोखरा दर्रीपारा, थाना जांजगीर, दिलीप कुमार राठौर (45), निवासी गतौरा जनकपहारी, दीपक कुमार राठौर (42), निवासी गतौरा जनकपहारी, आकाश राठौर (19), निवासी खोखरा दर्रीपारा, शंकर राठौर उर्फ नंदू (33), निवासी गतौरा, आकाश राठौर उर्फ मोनू (19), निवासी जनकपहारी गतौरा, सूरज कुमार राठौर (40), निवासी जनकपहारी गतौरा, रोहित कुमार राठौर (36), निवासी गतौरा जनकपहारी, सुनील उर्फ राजा राठौर (28), निवासी गतौरा जनकपहारी, प्रकाश उर्फ लालू राठौर (23), निवासी खोखरा दर्रीपारा, रवि कुमार राठौर (25), निवासी गतौरा जनकपहारी और आयुष राठौर (21), निवासी सारागांव, जिला जांजगीर-चांपा शामिल हैं। इनके अलावा एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
मामले की जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में जारी है। कार्रवाई में मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू की टीम की भूमिका रही।