सकरी पुलिस ने गौठान के पास की कार्रवाई, ताशपत्ती के साथ बोरी की फट्टी और अधजली मोमबत्ती भी जब्त

बिलासपुर। जुआ-सट्टा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सकरी पुलिस ने ग्राम गिरधौना में गौठान के पास ताशपत्ती से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 10,500 रुपये नकद, 52 ताशपत्ती, एक बोरी की फट्टी और एक अधजली मोमबत्ती जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, गश्त और पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से ग्राम गिरधौना में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद सकरी पुलिस की टीम ने गौठान के पास दबिश दी। मौके पर कुछ लोग ताशपत्ती से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलते मिले। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी 9 आरोपियों को पकड़ लिया और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री व नकदी जब्त कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम मोंछ, थाना तखतपुर निवासी लेखू सिंगरौल (52), भुलउ राम सिंगरौल (39), सुनील सिंगरौल (32) और संतोष ध्रुव (40) शामिल हैं। वहीं, ग्राम गिरधौना निवासी नरेंद्र सिंगरौल (36), नोहर कुमार सिंगरौल (45), भागीरथी साहू (26), श्रवण कुमार जायसवाल (42) और दशरथ कैवर्त (28) को भी गिरफ्तार किया गया है।

यह कार्रवाई बिलासपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजय सिंदे के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।