बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में रात के समय घर में घुसकर युवती से छेड़छाड़ और मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने युवती का हाथ पकड़कर खींचने और शरीर को गलत तरीके से छूने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने अश्लील गाली-गलौज करते हुए युवती का गला दबाने का भी प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 6 नवंबर 2026 को सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि कतियापारा निवासी प्रशांत श्रीवास उर्फ राजा (20) रात करीब 1:30 बजे उसके घर में घुस आया। आरोपी ने बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़कर खींचा और शरीर को छूने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसका गला दबाया।
शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 351(2) सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कतियापारा में दबिश देकर आरोपी प्रशांत श्रीवास को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।