बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र में शराब के नशे में पड़ोसी के घर घुसकर गाली-गलौज और मारपीट करने के मामले में तारबाहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निगरानी बदमाश और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 18 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2.30 बजे पीड़िता अपने घर में अकेली थी। उसका पति काम से गांधी चौक गया हुआ था। इसी दौरान पड़ोसी किशन आडिल शराब के नशे में उसके घर पहुंचा और अश्लील गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने महिला का गला दबाया और उसके हाथ को मरोड़ दिया।

घटना के बाद महिला ने अपने पति को फोन कर जानकारी दी। कुछ देर बाद पति घर पहुंचा और किशन आडिल से उसके घर आकर गाली-गलौज करने का कारण पूछा। आरोप है कि इस पर किशन आडिल ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ हाथ-मुक्के से मारपीट शुरू कर दी।

महिला बीच-बचाव करने पहुंची तो किशन की पत्नी रानी आडिल भी वहां पहुंच गई और उसने भी महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। पीड़िता की रिपोर्ट पर तारबाहर पुलिस ने अपराध क्रमांक 288/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 118(1), 333, 226, 329(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटना स्थल के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों किशन आडिल (28) और रानी आडिल (21), निवासी गुरु घासीदास मंदिर के पास तारबाहर, बिलासपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, आरक्षक नुरूल कादिर, राजेश श्रीवास, रूपलाल चंद्रा और भागीरथी गेदले का सराहनीय योगदान रहा।