रतनपुर। बुढ़ामहादेवपारा में घर से मोबाइल चोरी करने के मामले में रतनपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया Realme मोबाइल, जिसकी कीमत करीब 11 हजार रुपए है, बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अंकित यादव (22) और अभय रावत (19), दोनों निवासी बुढ़ामहादेवपारा रतनपुर शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को बरनलाल प्रधान ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 31 अगस्त की रात खाना खाने के बाद वह घर में सोया था। उसने अपना मोबाइल खाट के पास रखा था। सुबह उठने पर मोबाइल गायब मिला। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोबाइल चोरी किए जाने की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

थाना प्रभारी ने अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की। तकनीकी टीम की मदद से चोरी किए गए मोबाइल की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। मोबाइल चालू होने के बाद पुलिस को उसके इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली। पूछताछ में अंकित यादव ने अपने साथी अभय रावत के साथ मिलकर प्रार्थी के घर से मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।