बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर एक्टिवा स्कूटी चोरी करने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी सुमित ठाकुर (19) को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है। गिरफ्तार आरोपी को भी न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार अटल आवास, जोरापारा चौबे कॉलोनी निवासी प्रीति यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 अगस्त की रात 8 बजे से 7 सितंबर की सुबह 10 बजे के बीच अज्ञात चोर उनके घर के मेन दरवाजे और गेट का ताला तोड़कर अंदर खड़ी नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी CG 10 BW 9754 चोरी कर ले गया। स्कूटी की कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई थी।

विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक नाबालिग चोरी की स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके मेमोरेंडम के आधार पर बिना नंबर प्लेट के छिपाकर रखी गई चोरी की स्कूटी बरामद की गई। बालक को 13 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

पूछताछ में बालक ने स्कूटी चोरी की योजना में रघु बिहार, अशोक नगर निवासी सुमित ठाकुर के शामिल होने की जानकारी दी। इसके बाद 5 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सुमित को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। पूछताछ में उसके द्वारा चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार करने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।